इस अंक के रचनाकार

इस अंक के रचनाकार आलेख खेती-किसानी ले जुड़े तिहार हरे हरेलीः ओमप्रकाश साहू ' अंकुर ' यादें फ्लैट सं. डी 101, सुविधा एन्क्लेव : डॉ. गोपाल कृष्ण शर्मा ' मृदुल' कहानी वह सहमी - सहमी सी : गीता दुबे अचिंत्य का हलुवा : राजेन्द्र प्रसाद काण्डपाल एक माँ की कहानी : हैंस क्रिश्चियन एंडर्सन अनुवाद - भद्रसैन पुरी कोहरा : कमलेश्वर व्‍यंग्‍य जियो और जीने दो : श्यामल बिहारी महतो लधुकथा सीताराम गुप्ता की लघुकथाएं लघुकथाएं - महेश कुमार केशरी प्रेरणा : अशोक मिश्र लाचार आँखें : जयन्ती अखिलेश चतुर्वेदी तीन कपड़े : जी सिंग बाल कहानी गलती का एहसासः प्रिया देवांगन' प्रियू' गीत गजल कविता आपकी यह हौसला ...(कविता) : योगेश समदर्शी आप ही को मुबारक सफर चाँद का (गजल) धर्मेन्द्र तिजोरी वाले 'आजाद' कभी - कभी सोचता हूं (कविता) : डॉ. सजीत कुमार सावन लेकर आना गीत (गीत) : बलविंदर बालम गुरदासपुर नवीन माथुर की गज़लें दुनिया खारे पानी में डूब जायेगी (कविता) : महेश कुमार केशरी बाटुर - बुता किसानी/छत्तीसगढ़ी रचना सुहावत हे, सुहावत हे, सुहावत हे(छत्तीसगढ़ी गीत) राजकुमार मसखरे लाल देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की रचनाएं उसका झूला टमाटर के भाव बढ़न दे (कविता) : राजकुमार मसखरे राजनीति बनाम व्यापार (कविता) : राजकुमार मसखरे हवा का झोंका (कविता) धनीराम डड़सेना धनी रिश्ते नातों में ...(गजल ) बलविंदर नाटक एक आदिम रात्रि की महक : फणीश्वर नाथ रेणु की कहानी से एकांकी रूपान्तरणः सीताराम पटेल सीतेश .

बुधवार, 10 फ़रवरी 2016

बालकृष्‍ण गुप्‍ता ' गुरु ' की छह लघुकथाएं

सोच
-'' आ गए बेटा? '' चंदन लगाए, एक ऊँची तोंद वाले जनेऊधारी ने बेटे से पूछा।
- '' हाँ पिताजी। ''
- '' कहाँ गए थे ?''
- '' यजमान के यहाँ भोज में गया था। ''
- '' क्या - क्या खाया भोज में ? '' 
- '' दो पूरी और साग ?''
          उनका चेहरा उतर गया। लड़के को घूर - घूर कर देखने लगे। बेचारा, सिर नीचा करके चला गया।
- '' महँगाई के जम़ाने और कितना खाऊंगा ? '' लड़का सोचता है।
- '' मेरी नाक कटवाएगा यह । '' चंदनधारी सोचता है।
- '' जम़ाना तेज़ी से बदल रहा है। '' दोनों सोचते हैं।
झुका कंधा
     बेटे ने उसे काफी कीमती सूट दिया था। वह सूट में अच्छा लग रहा था। एकदम किसी बड़े अधिकारी के बाप जैसा। पत्नी की बड़ी इच्छा थी, इसलिए थोड़ी ना - नुकर के बाद सूट पहनने के लिए तैयार हो गया था।
बेटे ने पुराना सूट देते हुए बताया था - '' मेरे पास पूरे दस सूट हो गए हैं। वैसे यह ज़्यादा पुराना नहीं है। आखिर अफसर के बाप के पास कोई तरीके की ड्रेस तो होनी चाहिए। ''
     सूट पहनने के बाद बुजुर्ग ने पत्नी से कहा - '' बाकी सब तो ठीक है, बस, कंधा कुछ झुक गया है। '' इतना कहकर अपने कमरे में चला गया।
     पत्नी फोन पर ऊँची आवाज में बेटे को बता रही थी, या शायद पति को सुना रही थी- '' पहली बार सूट पहना है इसलिए कुछ हिचक रहे थे। कीमती सूट है न, इसलिए बड़े अच्छे लग रहे थे। ''
दर्द
     शिक्षक समयलाल के सामने समाचार पत्र पड़ा था और वे कुछ सोच रहे थे। मैंने पूछा - '' क्या सोच रहे हैं? ''
वे बोले - '' दो समाचार अगल - बगल छपे हैं। एक चालीस किलो का बकरा पाँच हजार रुपये में बिका। दूसरा - एक गरीब किसान ने अपनी जवान पत्नी पाँच हजार के बदले एक दलाल को दे दी। मैं सोच रहा हूं कि पहला तो एक ही बार हलाल होगा, परंतु दूसरी पता नहीं कितनी बार हलाल होती रहेगी। ''
गुलाब
     उसके घर के आँगन में पड़ोसी की बाड़ी लगी हुई थी। दीवार भी महज पाँच फुट ऊँची थी। इसलिए वह अपने घर का सारा कचरा बाहर कुड़ेदान में डालने के बजाय पड़ोसी की बाड़ी में फेंकना सुविधाजनक मानता था। यह सिलसिला कई महीनों से चला आ रहा था।
     अचानक एक दिन पड़ोसी बड़े - बड़े गुलाबों का गुलदस्ता लेकर भेंट करने पहुँचा। उसने आकर्षक गुलाबों की तारीफ की और गुलदस्ते के लिए धन्यवाद दिया। वह हैरान भी था। पड़ोसी ने मुस्कराते हुए बताया- '' यह सब आपकी ही मेहनत है। दरअसल, आप पिछले कई महीनों से जो कचरा हमारी बाड़ी में डाल रहे थे, वहाँ मैंने गुलाब के पौधे रोप दिए थे। कचरे की खाद की बदौलत ही ये फूल इतने आकर्षक हो सके। ''
सुबह का सपना
     उसने देखा, प्लेट पूरी तरह भरी हुई थी। चमचम, गुलाबजामुन, के साथ पकौड़े और कचौरियाँ भी। पुलाव था और रायता भी। उसने पेट भर खाया, प्लेट सामने खेलते बच्चों के सामने रख दी। पल भर में वह साफ हो गई।
     अचानक उसकी नींद खुल गई। पर सपना याद रहा।
     माँ का चेहरा अपनी ओर घुमाते हुए उसने कहा -  माँ, भूख लगी है। '' पर माँ चेहरा ढंक कर सो गई। उसके चेहरे से चादर हटाते हुए वह बोला -  सचमुच बहुत जोर की भूख लगी है।'' माँ ने एक चाँटा उसके गाल पर लगाते हुए कहा -  सुबह - सुबह तो सोने दे। ''
     इस बार उसने पूरी चादर खींच दी और चिल्लाया - '' माँ, बहुत भूख लगी है। कुछ भी खाने को दो। '' माँ ने उसके दूसरे गाल पर चाँटा रसीद करते हुए कहा - ''  ले, अब जा तू भी सो और मुझे भी सोने दे। भूख के कारण रात भर नींद नहीं आई।''
सवाल
     रमेश ने अपने पुत्र राम को महापुरुषों की जीवनी वाली पुस्तक ला कर दी थी। रात में राम ने बड़े चाव से पुस्तक पढ़ी। सुबह उसने पिता से पूछा - '' पापा, आपको देश के लिए सोचने, कुछ करने का मौका मिला था क्या? मिला, तो कुछ किया या नहीं कर पाए? ''
     स्कूल में अपने टीचर से पूछा - ''  क्या आपने महापुरुषों के बारे में पढ़ाते - पढ़ाते उनके रास्ते पर चलने के बारे में सोचा भी? कुछ प्रयत्न किया? '' 
     शाम को घर लौट रहा था, तो मुहल्ले के एक नेता जी दस - बीस लोगों के बीच भाषण दे रहे थे। राम ने पूछा - '' आपने भाषण में तो बहुत कुछ कहा, पर अपने ही कहे पर ईमानदारी से चले क्या?'' 
     वह दिन भर सवाल पूछता रहा, पर कहीं से भी जवाब नहीं मिला। हर जगह झिड़की, डाँट और फटकार ही मिली। घर में घुसता हुआ राम सोच रहा था - हाथी के दाँत खाने के और दिखाने के और होते हैं। यह कहावत उसने कोर्स की किताब में पढ़ी थी।
पता
डॉ. बख्शी मार्ग
खैरागढ़ - 491- 881
जिला - राजनांदगांव(छ.ग.)
मो.- 09424111454
ईमेल:ggbalkrishna@gmail.com         

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें